देवरिया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज कराने पहुंची महिला को बाहर की दवा लिखे जाने से क्षुब्ध बरहज विधायक ने मंगलवार को जमकर हंगामा मचाया। चिकित्सक व कर्मियों पर भड़ास निकाली। मौके पर पहुंचे सीएमएस ने किसी तरह मामल शांत कराया। डॉक्टरों से किसी भी बाहरी को न बैठाने की हिदायत दी।
बरहज विधानसभा क्षेत्र के मरहवां गांव निवासी मनीषा देवी सड़क हादसे में जख्मी हो गई थी। घर वाले उसे लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। बताते हैं कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शुभलाल ने महिला का चेकअप करने के बाद दवा दी। इसी दौरान डॉक्टर कक्ष में मौजूद युवक ने एक पर्ची पर दवा लिखते हुए बाहर से खरीदने की बात कही। महिला के अस्पताल से ही दवा दिलाने की गुहार के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला के घर वालों ने इसकी जानकारी विधायक सुरेश तिवारी को दी। मौके पर पहुंचे विधायक पूरे मामले की जानकारी के बाद उग्र हो गए। हंगामा बढ़ता देख युवक फरार हो गया। डॉक्टर ने भी युवक के बारे में अनभिज्ञता जताई। चिकित्सक व कर्मचारियों पर बाहर की दवा लिखने का आरोप लगाते हुए विधायक ने हो-हल्ला मचाया। बाद में सीएमएस डॉ.छोटेलाल ने मौके पर पहुंच मामला संभाला। करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। इस बाबत सीएमएस ने बताया कि युवक कौन था, यह पता नहीं चल पाया है। उसकी पहचान कराई जा रही है। उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों को भी हिदायत दी गई है कि किसी अपरिचित को न बैठाएं।