देवरिया। होली में रसोई गैस सिलिंडर की मांग बढ़ी तो आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस एजेंसी वर्कर और ग्राहकों के बीच आए दिन तकरार हो रहा है। किल्लत की वजह कुंभ में भेजी गई अतिरिक्त सप्लाई बताई जा रही है। नतीजा बुकिंग के कई दिनों बाद भी उपभोक्ता गैस के लिए भटक रहे हैं।
15 जनवरी से जिले में रसोई गैस की किल्लत बनी है। गैस एजेंसी मालिकों को डिमांड के अनुसार सिलिंडर नहीं मिल रहा। इसकी वजह जिम्मेदार इलाहाबाद कुंभ में सिलिंडर की अधिक खपत बता रहे हैं। उनका कहना है कि एजेंसियों की ही आपूर्ति कम कर गैस सिलिंडर कुंभ में भेजा जा रहा था। अब उसका असर दिख रहा है। 10-15 दिन पहले बुकिंग कराए उपभोक्ता गैस नहीं मिलने पर एजेंसी तक पहुंच रहे हैं तो उन्हें स्टॉक नहीं होने की बात कह लौटाया जा रहा है। इससे अक्सर विवाद की नौबत आ रही है। उपभोक्ता कालाबाजारी का आरोप लगा रहे हैं। होली नजदीक आने के साथ समस्या बढ़ती जा रही है। साकेतनगर में भारत गैस एजेंसी का सिलिंडर वितरण कर रहे एजेंसी के वर्कर रवींद्र कुमार ने बताया कि 20 दिन पूर्व हुई बुकिंग को पूरा किया जा रहा है। सिलिंडर की आपूर्ति नहीं आने से दिक्कतें बढ़ी हैं।
आपूर्ति नहीं मिलने की बढ़ रही शिकायत
समय से सिलिंडर नहीं मिलने की लगातार शिकायत डीएसओ कार्यालय पहुंच रही है। जिले की हर एजेंसी पर कमोवेश यही हाल है। सबसे ज्यादा दिक्कत बीपीसी से जुड़े उपभोक्ताओं की संख्या है। इनकी संख्या भी अधिक है, जिससे आपूर्ति के लिए मारामारी मच जा रही है।