सलेमपुर/लार। नगर का मुख्य मार्ग और सोहनाग रोड अक्सर जाम का शिकार हो रहा है। लार में बाजार पुल से लेकर चनुकी मोड़ तक जाम लग रहा है। राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रोज-रोज जाम लगने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
नगर में कोतवाली से ओवरब्रिज तक राहगीरों को पैदल चलना मुश्किल हो गया है। बड़े वाहन, बसें आड़ा-तिरछा खड़ा होने से हर दस मिनट बाद जाम लग जाता है। सड़क के किनारे पटरियों पर ठेला, खोमचा होने के कारण वाहन निकल नहीं पाते। सोहनाग रोड में सड़क के दोनों तरफ बाइक खड़ी हो जाती है। इससे इस मार्ग पर बड़े वाहन के आते ही जाम लग जाता है। सोहनाग मोड़ और ओवरब्रिज के पास सबसे दिक्कत होती है। मंगलवार को 108 नंबर की एंबुलेंस जाम में फंस गई। वहीं लार में मंगलवार को बाजार से चनुकी मोड़ तक एक घंटा तक जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए लगे सिपाही गायब थे। इस रास्ते से बिहार की एंबुलेंस गुजरती है। समय से अस्पताल नहीं पहुंचने से मरीजों की हालत और गंभीर हो जाती है। लार के एसओ भीष्मपाल सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों के वीआईपी ड्यूटी में चले जाने से ऐसी दिक्कत हो रही है।