देवरिया। सीएमओ कार्यालय में शासन की फरमान को दरकिनार कर लंबे समय से जमे बाबू मनचाहा पटल पाने के लिए महीनों से रस्साकसी कर रहे थे। इनकी पैरवी भाजपा के विधायक और मंत्री कर रहे थे। गुरुवार की देर रात सीएमओ ने पटल बदल दिया। इसमें नेताओं की ओर से की गई पैरवी के हिसाब से पटल का चार्ज दिया गया है।
सीएमओ कार्यालय में तैनात अधिकांश बाबू जिले के रहने वाले हैं। वर्चस्व के बल पर तबादला नीति को दरकिनार कर रहे हैं। अजीत गुप्ता प्रशासनिक अधिकारी, गायत्री सिंह और रामनक्षत्र सिंह के कुछ विभाग का चार्ज हटाया गया है, लेकिन नए विभाग का चार्ज भी दिया गया है। संजय मिश्र के पास मौजूद एनएच का चार्ज हटाकर मनोज उपाध्याय को दिया गया है। मनोज उपाध्याय के पास से होम्योपैथिक अधिकारी का लिपिक कार्य संजय मिश्र को दिया गया है। इसके अलावा अनुदान संख्या 36 लेखा संबंधित कार्य भी करेंगे। मनोज उपाध्याय और राघव सिंह को सर्वाधिक महत्वपूर्ण पटल दिया गया है। वहीं अंदरूनी सीएमओ कार्यालय में तैनात बाबुओं में खींचतान भी बढ़ गई है। बाबू रामनक्षत्र पर सीएमओ ने इस बार भी मेहरबानी दिखाई है। उसे भी कई महत्वपूर्ण काम दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. रामनिवास ने बताया कि कार्यों को ठीक ढंग से चलाने के लिए पटल बदला गया है। तीन दिनों के भीतर सभी को नया पदभार संभाल लेना है।