भटनी (देवरिया)। दुकानदार की बदमाशों ने डंडे से पीटकर हत्या कर दी। उसकी लाश गांव के बाहर अल सुबह झाड़ी में लोगों ने देखा। पास में मक्का की खेत में खून से सनी लाठी, चप्पल और ताबीज मिला। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी राकेश शंकर ने मुआयना की। पुलिस ने अज्ञात दो लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
थानाक्षेत्र के छपिया जयदेव गांव निवासी झब्बू प्रसाद गांव के चौराहे पर गुमटी में कपड़ा प्रेस करने की दुकान चलाते थे और रात में वहीं पर सोते थे। मंगलवार की रात आठ बजे घर से भोजन करने के बाद दुकान पर सोने चले गए। बुधवार को सुबह दूध लेकर भटनी जा रहे दूधियों ने तेनुआ मोड़ के पास सड़क के किनारे झाड़ी में उसकी लाश देखी। इसकी खबर मिलते ही गांववालों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान की और मक्के के खेत में खून से सनी लाठी, मृतक का ताबीज और चप्पल बरामद किया। कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी राकेश शंकर और सीओ कुलभूषण ओझा ने निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ बृजेश द्विवेदी ने बताया कि छोटे बेटे वीरेंद्र की तहरीर पर दो अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
छपिया गांव में हुई दुकानदार झब्बू की हत्या के मामले में गांव के भोला, कमलू और शिवाजी पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में शिवाजी को गिरफ्तार किया है। दुकानदार के बेटे वीरेंद्र ने पुरानी रंजिश में हत्या की वजह बताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।