देवरिया। जय श्रीराम रामगुलाम टोला सार्वजनिक दल की ओर से बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाली गई जुलूस के दौरान तनातनी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सीओ सिटी ने वॉयरलेस सेट पर क्यूआरटी की टीम को बुलाया। इसके बाद काफी संख्या में पुलिस के जवान पहुंच गए। सुरक्षा के बीच जुलूस को संवेदनशील इलाकों से निकाला गया। इस बीच अराजक तत्वों ने कई जगह माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इसकी वजह से पुलिसकर्मियों से उनकी नोक-झोंक भी हुई।
शहर के कसया रेलवे क्रॉसिंग स्थित रामगुलाम टोला मोहल्ले में दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जाती है। बुधवार को दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन होना था। इसके चलते दोपहर के बाद जुलूस निकाला गया। जुलूस मोतीलाल रोड, जलकल रोड, कचहरी चौराहा, सिविल लाइंस, सुभाष चौक होते हुए कोऑपरेटिव चौराहे पर पहुंचा। यहां से जुलूस दो भागों में बंट गया। दुर्गा प्रतिमा के साथ एक धड़ा गोरखपुर रोड, जबकि युवाओं का हुजूम नगर पालिका परिषद की तरफ चल पड़ा। नगर पालिका रोड पर युवाओं ने उत्तेजक नारे लगा रहे थे। इससे तनातनी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सीओ सिटी संदीप सिंह ने बताया कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। कचहरी चौराहे से राघव नगर की तरफ घुसने से रोका गया। इस बीच नगर पालिका परिषद के इलाके में कुछ लोग हुड़दंग कर रहे थे। पुलिस फोर्स की सक्रियता से साजिश नाकाम कर दी गई।