रामलक्षन। रनिहवा फीडर से जुड़े करीब 40 गांव में 36 घंटे से अंधेरा छाया है। मेन सप्लाई का तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप है। नवरात्र के त्योहार में बिजली नहीं मिलने से देवी भक्तों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। जगह-जगह पंडालों में सप्तमी के दिन पूजा करने वाले भक्तों को परेशान होना पड़ा।
रनिहवा फीडर से क्षेत्र के 40 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की सुबह देवरिया से उसरा बाजार के बीच बिजली आपूर्ति के मेन सप्लाई का तार टूट गया। इससे बर्दगोनिया, करमेल, छितही बाजार, भृगुसरी, बेलकुंडा, अवधपुर, रामनगर, रामलक्षन, सेखुई, जोगम, पननहा आदि गांवों की बिजली गुल हो गई। दशहरा मनाने की तैयारी में जुटे दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों की परेशानियां बिजली के अभाव में बढ़ गई है। क्षेत्रवासी रजनीश कुमार, शैलेश यादव, जयेंद्र सिंह, रामनगीना आदि ने कहा कि त्योहार के मौके पर बिजली गायब होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन से गायब बिजली से लोग रात में उसम में सो नहीं पा रहे हैं। बिजली बिना बेहाल लोगों ने आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इस बाबत जेई ने कहा कि देवरिया और उसरा बाजार के बीच में तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई है। कर्मचारियों को तार जोड़ कर आपूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया गया है।