देवरिया। फार्मासिस्टों का वेेतन एसीएमओ के यहां से होता था। ऐसे में बिना ड्यूटी किए कई फार्मासिस्ट वेतन लेते थे। नवागत सीएमओ ने इसमें बदलाव कर दिया है। स्थानीय सीएचसी के अधीक्षक की रिपोर्ट पर फार्मेसिस्टों को वेतन दिया जाएगा। गुरुवार को संगठन के बैनर तले सीएमओ को पत्र देकर पूर्व की भांति वेतन व्यवस्था लागू करने की मांग की है। जनपद के न्यू पीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट मनमानी तरीके से ड्यूटी करते थे। सीएचसी अधीक्षक चाह कर भी इनका वेतन नहीं काट पाते थे। पत्र लिखने के बावजूद एसीएमओ कार्यालय से फार्मासिस्टों को पूरे माह का वेतन मिल जाता था। इसकी शिकायत जब सीएमओ तक पहुंची तो वह फार्मासिस्टों पर पेंच कसने के लिए सीएचसी प्रभारियों को इसकी जिम्मेदारी दी। सीएचसी प्रभारी फार्मासिस्टों का रिपोर्ट बनाकर सीएमओ कार्यालय भेजेंगे तब जाकर इनको वेतन मिलेगा। अगर बीच में गैरहाजिर होने पर वेतन कट जाएगा। इस आदेश के बाद फार्मासिस्टों की बेचैनी बढ़ गई है। पूर्व की भांति वेतन का भुगतान कराने की मांग कर रहे है। मांगपत्र देने वालों में अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, महामंत्री एमए सिद्दीकी, राजेश सिंह, हरेंद्र प्रताप सिंह, शैलेश तिवारी, मनोज गौड़, तीव्रनाथ तिवारी, लक्ष्मण लाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।