रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के बरईपुर राव स्थित एक गैस एजेंसी पर शुक्रवार को दबंगों ने हॉकर को पीटा और उसके पास से 1000 रुपये नकदी भी छीन लिया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने एजेंसी पहुंच प्रबंधक से जानकारी ली। आरोपी की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला।
राजू मिश्रा तरकुलवा के हरैया के रहने वाले हैं। वह रामपुर कारखाना के बरईपुर राव स्थित एक गैस एजेंसी पर हॉकर का काम करते हैं। शुक्रवार को गैस वितरण हो रहा था। इसी दौरान थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी एक युवक आधा दर्जन साथियों के साथ वितरण कार्यालय पर पहुंच गया और हॉकर को मारा-पीटा। हमलावरों ने उसके पास रखे रुपये भी छीन लिए। राजू मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से मुकदमा न लिखे जाने पर शनिवार को गैस एजेंसी से संबंधित सभी हॉकर रामपुर कारखाना थाना पहुंच मुकदमा पंजीकृत करने की मांग करने लगे, हालांकि शनिवार की देर शाम तक भी मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था, जिससे हॉकरों में आक्रोश है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दिन भर बाहर थे। मामले में कुछ जानकारी नहीं है, जबकि एजेंसी के प्रबंधक शत्रुजीत राव ने बताया कि हल्के के एक एसआई सहित अन्य सिपाही मौके पर पहुंचे थे।