देवरिया। चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति ने प्रदर्शन किया। बैतालपुर चीनी मिल को चालू कराने की मांग दोहराया। कहा, सरकारों की उदासीनता से किसान बेरोजगार हो गए हैं। प्रतापपुर चीनी मिल से बकाया भुगतान कराने की भी मांग की। सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित मांग पत्र एसडीएम सदर को दिया।
अध्यक्ष ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी की अगुवाई में किसान सोमवार को बैतालपुर चीनी मिल गेट के सामने एकत्र हुए। बैलगाड़ी पर सवार होकर ओवरब्रिज होते हुए गोरखपुर रोड पहुंचे। सुभाष चौक, सिविल लाइंस में प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में आए। मांगपत्र में किसानों ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार बनने पर चीनी मिल को चालू कराने का भरोसा दिलाया। जनता ने उनकी बातों पर यकीन कर वोट दे दिया, लेकिन सरकार बनने के बाद भाजपा के नेता वादा पर अमल नहीं कर रहे हैं। प्रतापपुर चीनी मिल पर करोड़ों रुपये बकाया है लेकिन किसानों को बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन में अवधेश मणि त्रिपाठी, दरोगा यादव, डॉ. चतुरानन ओझा, चंद्रप्रकाश सिंह, रामप्रकाश सिंह, योगेश्वर उपाध्याय, सुनील भारती, सुबाष चंद्र चौहान, जगदीश कुशवाहा, अनिल पति आदि शामिल रहे।