मेहरौनाघाट। अहमदाबाद से रकम लेकर घर आ रहे युवक की लाश लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में मिली। जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान जीआरपी ने किया और घरवालों को जानकारी दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरखुरानी से मौत की पुष्टि हुई है।
लार थानाक्षेत्र के चोरडीहा गांव निवासी संतोष यादव अहमदाबाद के किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वहां पर कोई जमीन ले रखी थी। घरवालों की माने तो एक माह पूर्व वह घर से अहमदाबाद गया और पांच लाख में जमीन बेच दिया। चार दिन पूर्व वह अपनी पत्नी से फोन किया और घर आने के लिए ट्रेन में बैठने की बात कही। गुरुवार को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में लाश मिली। आधार कार्ड से संतोष की पहचान हुई। सूचना पर घरवाले लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जीआरपी ने संतोष के जेब से पांच हजार रुपये और कागजात बरामद किया। लखनऊ में हुए पीएम रिपोर्ट के अनुसार मौत जहरखुरानी की वजह से हुई है। शुक्रवार को शव गांव लाया गया तो घर में कोहराम मच गया। दाह संस्कार खेमादेई घाट पर किया गया। गौरतलब है कि संतोष यादव अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। वह काफी मिलनसार था। गांव में बीडीसी का चुनाव भी लड़ा था। बहुत कम वोट के अंतर से हार हुई थी। उसके दो बेटे और एक बेटी है। पति की मौत के बाद पत्नी का रोते-रोते बुरा हाल हो गया।