रुद्रपुर। नगर में बिजली आपूर्ति बद से बदतर होती जा रही है। तीन दिन से हो रही बारिश में लोग तार टूटने और फॉल्ट होने से बिजली से महरूम हैं। विभाग संसाधनों और बिजली मिस्त्री की कमी का रोना रो रहा है। मलहटोली, पश्चिमी तिवारी टोला, खजुहा, दुग्धेश्वरनाथ वार्ड और भरटोला वार्ड में तीन दिनों से आपूर्ति बाधित है।
लचर आपूर्ति से परेशान लोगों ने पॉवर हाउस घेरने की तैयारी की है। दो दिन पहले रात में बिजली गुल होने के बाद सोमवार की रात तार टूटने से पांच मोहल्लों की बिजली गायब हो गई। कोतवाली से मलहटोली, पश्चिमी तिवारी टोला को जाने वाली लाइन तीसरी बार तार टूट गई। रात को पॉवर हाउस पर तार हटाने के लिए भी लाइनमैन नहीं मिला। पॉवर हाउस के एसएसओ ने प्राइवेट बिजली मिस्त्री बुलाकर तार को सुरक्षित करवाया। विभाग के पास तार जोड़ने के लिए भी तार नहीं है। नगर में टूटे तार सोमवार को देर शाम तक नहीं जुड़ने से आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। मोहल्ले के प्रेम तिवारी, गामा तिवारी, श्रवण निगम, मैनेजर गुप्ता, राज त्रिपाठी, सदानंद, श्रीकिशुन, भोला, उमाशंकर तिवारी, दयाशंकर आदि ने कहा कि नगर के सारे तार जर्जर हो गए है। बिजली आते ही तार चटकने लगते हैं। बिजली विभाग का कोई अधिकारी सुन नहीं रहा है। जेई और एसडीओ मोबाइल बंद कर ले रहे हैं। 20 घंटे की आपूर्ति में ठीक से दो घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने रात में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर पावर हाउस घेरने की चेतावनी दी। एसडीओ एके पॉल ने कहा कि आदमियों की कमी के कारण रात में काम नहीं हो पा रहा है। दिन में टूटे तार जोड़कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
11 दिन से जला है कोइलगढ़हा का ट्रांसफार्मर
48 घंटे में जले ट्रांसफार्मर बदने का दावा बेमानी साबित हो रहा है। कोइलगढ़हा गांव में 11 दिन से जले ट्रांसफार्मर को बदलना तो दूर बिजली विभाग अभी उतार भी नहीं पाया है। गांववालों ने मंगलवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। गांव के सुरेंद्र यादव, भोला गुप्ता, मदन गुप्ता आदि ने कहा कि ट्रांसफार्मर बदलने में बिजली विभाग कोई रुचि नहीं ले रहा है। दो दिन में ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा।