रामपुर बुजुर्ग। देवरिया जिले की सीमा के नजदीक बिहार प्रांत के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के धरनी छापर चेकपोस्ट के पास बिहार पुलिस ने करीब 800 पेटी (करीब 9608.40 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह शराब धान की भूसी और आलू की बोरियों के बीच में छिपाकर ले जाई जा रही थी। राजस्थान के रहने वाले ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। चर्चा है कि होली के लिए यह खेप मंगाई गई थी।
जानकारी के मुताबिक बिहार के मैरवा थाना पुलिस को सूचना मिली कि होली के लिए बड़ी मात्रा में यूपी के देवरिया जिले से शराब की खेप बिहार में आने वाली है। इस सूचना के आधार पर मैरवा पुलिस ने यूपी बॉर्डर के नजदीक धरनी छापर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक 14 पहिया ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 800 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। ट्रक पर बाहर की तरफ करीब पांच क्विंटल आलू को बोरियों में रखा गया था। इसके बाद शराब की पेटी और फिर बाकी बची जगह में धान की भूसी रखी गई थी। पुलिस ने ट्रक चला रहे नरेंद्र कुमार पुत्र धन्ना राम, निवासी लालजी दुगारी चितलवाना, थाना सरपाना, जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मैरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष मैरवा राहुल कुमार ने बताया कि धरनी छापर चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान ट्रक से धान की भूसी के अंदर छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई। चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।