सपा नेताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की, 77 गिरफ्तार, रिहा
देवरिया। किसान आंदोलन के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने शहर के सुभाष चौक पर धरना दिया। इस दौरान एडीएम प्रशासन की मौजूदगी में पुलिस ने 77 सपा नेताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। इस दौरान पुलिस से कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की भी हुई। शाम पांच बजे सभी को छोड़ दिया गया। इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में सीएम का पुतला भी जलाया। इस दौरान सपा नेताओं ने किसानों के पक्ष में नारे लगाए और किसान बिल वापस लेने की मांग की।
सोनू घाट चौराहे पर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सपा कार्यकर्ता ट्रैक्टर, बाइक, चार पहिया वाहन आदि से किसान यात्रा निकालकर सुभाष चौक के लिए निकले। रास्ते में कचहरी चौराहे पर पहुंचते उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के गिरफ्तारी की सूचना मिली तो वह आक्रोशित हो गए। वहां अधिवक्ता समूह के साथियों के साथ विजयसेन यादव भी शामिल हो गए। सुभाष चौक पर पहुंच कर प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, जहां पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। सभा को संबोधित करते हुए सपा जिला अध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना भी अब अपराध हो गया है। किसानों की जायज मांगों को न सुनकर उनके पक्ष में आवाज उठाने वालों को किसी भी दशा में प्रशासनिक शक्ति का दुरुपयोग कर गिरफ्तार करना, आतंकित करना, आंदोलन को रोकना उचित नहीं कहा जा सकता। एमएलसी रामसुंदर दास ने कहा कि सरकार खेतों को संविदा पर लेकर औद्योगिक घरानों को देने का कुचक्र रच रही है।
पूर्व विधायक गजाला लारी ने कहा कि सरकार मूल्य समर्थन योजना का ढिंढोरा पीट रही है। कहीं भी धान क्रय केंद्र समुचित तरीके से चालू नहीं है। क्रय केंद्रों पर बिचौलिये हावी हो गए हैं। वहां पर भी किसानों से खुली लूट हो रही है। इस दौरान पूर्व सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह, मनबोध प्रसाद, अशोक सिंह कुशवाहा, पीडी तिवारी, विजय लक्ष्मी गौतम, हृदय नारायण जायसवाल, मो. इस्माइल अंसारी, मुराद अली बेग, चौधरी बेचूलाल, विजय प्रताप यादव, मोहन गुप्ता, व्यास यादव, वीरेंद्र गुप्ता, बृजेश यादव, ओपी यादव, सतीश यादव, इलाहाबाद के पूर्व अध्यक्ष अवनीश यादव, उदय प्रकाश यादव, अशोक मद्देशिया, सुभाष मद्देशिया, महिला सभा की जिलाध्यक्ष शोभा यादव , नित्यानंद त्रिपाठी, प्रेम प्रकाश यादव, एनपी यादव, रामसेवक यादव आदि मौजूद रहे।