देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 74 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि नियम उल्लंघन पाए जाने पर तीन वाहनों को सीज कर दिया गया।
बस स्टेशन, मालवीय रोड, कसया रोड, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पुरवा और राघव नगर क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने तथा बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों की जांच की गई।
यातायात पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील किया।