बरहज के विशुनपुर देवार के जरलहवा टोला में डूबे किशोर की शव बरामद होने पर रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बरहज/बरियारपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में डूबने से दो बच्चों समेत तीन की मौत हो गई। सदर कोतवाली के माड़ीपार में नहाते समय दो बच्चे पोखरे में डूब गए तो बरहज के विशुनपुर देवार में चारा लाने गए किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के माड़ीपार बुजुर्ग गांव के रहने वाले उमेश कुशवाहा का पुत्र नितेश 12 और हरेंद्र गुप्ता का पुत्र अनूप 11 शुक्रवार की शाम गांव के पश्चिम तरफ पोखरे में नहाने चले गए। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगे। बगल में खेल रहे अभिषेक गुप्ता और छोटू ने इन दोनों को डूबता देखकर शोर मचाना शुरू किया। लोग मौके पर पहुंचे और पोखरे से दोनों बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गांव के लोग शव लेकर चले गए। दोनों बच्चों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, कोहराम मच गया। नितेश और अनूप की मौत से उसके माता-पिता सदमे में हैं।
वहीं, बरहज के विशुनपुर देवार गांव के जरलवा टोला निवासी दीनानाथ यादव का 17 वर्षीय बेटा विकास यादव शुक्रवार को पशुओं का चारा लाने जा रहा था। रास्ते में पैर फिसलने से वह पोखरे में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।
एक साथ बुझा दो घर का चिराग
बरियारपुर। कोतवाली थाना के माड़ीपार बुजुर्ग में शुक्रवार की शाम दो मित्रों की एक साथ पोखरे में डूबने से मौत की घटना ने दो घरो का इकलौता चिराग बुझा दिया। अनूप और नितेश में गहरी दोस्ती थी। दोनों घर के इकलौते थे। कहीं भी एक साथ जाते थे और पोखरे में भी एक साथ डूब गए। मौत से परिवार पर मानो पहाड़ टूट पड़ा है। दो बहनों में अनुज इकलौता भाई था। तीन बच्चों के बाद नसबंदी करा चुकी अनुज की मां अब बेटे की चाह भी पूरी नहीं कर सकेगी। पति-पत्नी इन्हीं बातों को कहकर रो रहे थे। मौके पर पहुंचने वाले लोगों की आंखें भी नम थी। नितेश भी अपने घर इकलौता पुत्र था। उसकी मां भीड़ में खड़े लोगो से पूछ रही थी कि मेरा बेटा कहां है? किशोरों की मौत से गांव में मातम छा गया है।