राजकीय इंटर कॉलेज में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आगमन को लेकर पांच दिनों से तैयारी चल रही है। देवरिया में अब तक का सबसे आलीशान राजनीतिक पंडाल बनाया जा रहा है। मौसम को देखते वाटरप्रूफ टेंट और सुरक्षा की दृष्टिकोण से चारो ओर लोहे की ग्रिल लगाई गई है।
मंगलवार को पहुंचे डीएम सुजीत कुमार और एसपी राकेश शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिले में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के अलावा कई हाई प्रोफाइल नेताओं के कार्यक्रम हो चुके हैं। लेकिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम के लिए पहली बार इतना आलीशान मंच बन रहा है। एसपी ने अपने हिसाब से कुछ लोहे की ग्रिल टेंट के बाहर लगाने का निर्देश दिया। ताकि किसी भी तरीके से मंच और हेलीपैड तक सूचीबद्घ नेताओं के अलावा कोई ना पहुंच सके। डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि टेंट में पांच हजार कुर्सियां लगेंगी। मुख्य मंच के अलावा पास में एक और मंच बनाया गया है। इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। टेंट की लंबाई 100 फीट चौड़ा और 250 फीट लंबा है। इस दौरान सदर विधायक जन्मेजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री के सचिव शशि मिश्रा, सीओ सिटी सीताराम, विजय दुबे, विजयशंकर और रामदास आदि मौजूद रहे।