बरहज तहसील सभागार में निकाय चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता आदि की समीक्षा बैठक करते उपजिलाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। नगर पालिका परिषद चुनाव में पर्चा दाखिला के बाद तहसील परिसर में एसडीएम अरुण सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। इसमें अध्यक्ष पद और 25 वार्डों के सदस्य पद प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की हिदायत दी गई।
गुरुवार को तहसील परिसर के सभागार में बुलाई गई समीक्षा बैठक में अध्यक्ष पद के सभी 18 और सदस्य के 152 प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि सभी को पालिका चुनाव में आचार संहिता के दायरे में रहकर प्रचार-प्रसार करना है। आचार संहिता की हद पार करने वालों की खैर नहीं होगी। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्र ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव उपाय किए जाएंगे। इस दौरान प्रभारी थाना निरीक्षक सत्येंद्र पांडेय, अरविंद जायसवाल, वीरेंद्र गुप्त, उमाशंकर सिंह, अजीत जायसवाल, अमरेंद्र गुप्त, राधारमण पांडेय आदि मौजूद रहे।