देवरिया। बीआरडी पीजी कॉलेज में दोबारा छात्रसंघ का पर्चा दाखिल करने वाले पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष का विरोध छात्र नेताओं ने बुधवार को किया। कॉलेज प्रशासन पर सत्ता पक्ष के एक विधायक के दबाव में आकर लिंगदोह कमेटी का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र नेताओं और सदर एसडीएम से तकरार हुई।
बीआरडी पीजी कॉलेज में चंद्रकांत सिंह अध्यक्ष रह चुके हैं। इसी पद के लिए इस साल भी पर्चा भरे हैं। इसका विरोध अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए पर्चा दाखिल करने वाले अन्य छात्र नेता कर रहे हैं। दोपहर में इसको लेकर कॉलेज में चुनाव अधिकारी ओर छात्र नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। कॉलेज के चुनाव अधिकारी सदर एसडीएम से मामला जुड़ा बताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद छात्र नेता अरविंद गिरी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। एसडीएम राकेश सिंह ट्रेजरी के डबल लॉक में जांच के लिए गए थे। बाहर छात्र नेता गहमा-गहमी शुरू कर दिए। मामला बढ़ता देख एसडीएम बाहर निकले और छात्र नेताओं से वार्ता करते हुए अपने कार्यालय आए। एसडीएम ने पूरा प्रकरण सुनने के बाद कॉलेज के चुनाव अधिकारी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया और अपना पल्ला झाड़ लिया। इसको लेकर छात्र नेताओं और एसडीएम के बीच तकरार भी हुई। इस दौरान बलिराम यादव, जय सिंह यादव, रोहित त्रिपाठी, संदीप आदि मौजूद रहे। एसडीएम राकेश सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन से जुुड़ा मामला है। बेवजह छात्र नेता मेरे पास आए थे।