देवरिया। मनमानी फीस वसूली का आरोप लगाते हुए बीआरडीपीजी कॉलेज के छात्र नेताओं ने बेमियादी धरना देने की चेतावनी दी है। इससे पहले जुलूस निकालकर डीएम को संबोधित ज्ञापन दिया। छात्र नेता जय सिंह यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों ने आरोप लगाया कि नियम-कानून को ताक पर रखकर फीस की वसूली की जा रही है।
छात्र नेताओं ने कहा कि प्राचार्य फीस के नाम पर अवैध वसूली करा रहे हैं। छात्र-छात्राओं को फीस जुटाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के जिला महामंत्री सुनील ने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि कॉलेज प्रशासक यदि नहीं चेता तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस दौरान अभिषेक यादव, उत्कर्ष तिवारी, राज तिवारी, अभिषेक, सत्यानंद तिवारी, बंटू सिंह आदि मौजूद रहे।