बरहज। नागपंचमी पर्व पर गौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित दंगल प्रतियोगिता में डीएलडब्ल्यू बनारस के पहलवान अनिल ने गौरा के वीरू को महज तीन मिनट में आसमान दिखा दिया। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय महिला-पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में जोर आजमाइश की।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सुरेश तिवारी और एसडीएम अरुण सिंह को साफा बांधकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। डीएलडब्ल्यू बनारस के पहलवान अनिल ने चौरीचौरा के मुलायम को आठ मिनट के मुकाबले में महज छह मिनट में पटखनी दी। बड़हलगंज के कदल से पांच मिनट का मुकाबला बराबरी पर रहा। दोहरीघाट के गोविंद ने बलिया के अजीत, गोरखपुर की सरिता ने बिहार, गया की साधना, फुलवरिया के जितेंद्र पांडेय ने पैना के नीरज यादव को चित किया। बलिया के कुंज बिहारी और नंदिनी नगर के अभिमन्यु का मुकाबला बराबरी पर छूटा। रेफरी जितेंद्र सोनकर, लोकनाथ गुप्ता, शंभू दयाल भारती, पप्पू सिंह और अनिल सोनकर रहे। इस दौरान उमाशंकर सिंह, मुन्ना सिंह, दिनेश सिंह, सचिन सिंह, गनेश, अरविंद जायसवाल आदि मौजूद रहे।