सलेमपुर। मईल पुलिस पत्रकार के साथ मारपीट औैर लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। आरोपी पत्रकार पर मुकदमा वापिस लेने का भी दबाव बना रहे हैं। जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
लार थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी पत्रकार विवेकधर दुबे के साथ एक हफ्ते पहले लार रोड बाजार में टिकट दलालों ने मारपीट कर 700 रुपये छीन लिए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत मईल पुलिस से किया। मईल थाने के एसआई मनोज राय और शिव प्रकाश राय कार्रवाई करने के बजाए लुटेरों का पक्ष लेते हुए लूटी गई रकम वापस करने की बात पीड़ित से कहा। मामला जब एसपी तक पहुंचा तो आनन-फानन में एसओ ने बढ़या हरदो गांव निवासी अंशू यादव और इटहुरा मिश्र गांव निवासी मनोज उर्फ रामभवन यादव पर लूट और मारपीट का केस दर्ज किया। पीड़ित का आरोप है कि लूटेरो का पक्ष लेने वाले दोनों एसआई पड़ोसी थाना लार पर तैनात रहै है। इस लिए दलालों से इनका सांठगांठ है और इनको विवेचना में बचाने का पूरा प्रयास कर रहे है। आरोप है कि पुलिस की शह पर दलाल पीड़ित पर केस वापसी के लिए दबाव डलवा रहे है। केस वापस नहीं लेने पर मारने की धमकी दे रहे हैं। इस संबंध में एसपी राजीव मल्होत्रा ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।