बरहज। घाघरा जहाज घाट पर बने बाढ़ मापक गेज पर अंकित खतरे के निशान से मात्र 15 सेंटीमीटर नीचे है। प्रतिदिन करीब तीस सेंटीमीटर का जलस्तर में इजाफा हो रहा है। पिछले वर्ष नदी के जलस्तर में वृद्धि नहीं होने से इस बार भी विभाग काफी निश्चिंत था, लेकिन लगातार हो रही बारिश से नदियों के करवट लेने से विभाग हलकान हो गया है। पानी नदी से बाहर निकल कर खेतों की ओर बढ़ने को मचल रही है। लोगों का आरोप है कि विभाग धनाभाव का रोना रोते हुए जर्जर बंधों से गांव को बचाने की कवायद कर रहा है। करीब छह माह पहले से संगम तट पर घाघरा सैकड़ों एकड़ भूमि लील चुकी है। कटइलवा, संगम तट पर हो रहे बेतहाशा कटान से कुरह परसिया के विस्थापित चार घरों, कुवाइच टोला, रामजानकी मार्ग पर खतरा बना हुआ है।
ढहने के कगार पर आरती चौक
बरहज। नगर पालिका परिषद की ओर से जहाज घाट के तुलसी घाट पर आरती के लिए करीब 65 लाख की लागत से बना आरती चौक में दरार आ गई है। मूसलाधार बारिश और घाघरा के दबाव के कारण ढहने के कगार पर है। विभाग ने इस क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।