बरहज। बाबा राघवदास भगवान दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय आश्रम में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों के नाम के लगे शिलापट्ट को अराजकतत्वों ने तोड़ दिया। इससे छात्रसंघ उग्र हो गया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर छात्रसंघ ने एसओ को ज्ञापन दिया। 48 घंटे के भीतर दोषियों के न पकड़े जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
महाविद्यालय परिसर में सत्र 2013-14 में जलपान गृह के उद्घाटन के दौरान छात्र नेताओं ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों के नाम का शिलापट्ट लगवाया था। सोमवार को शिलापट्ट तोड़े जाने की खबर आग की तरह नगर में फैल गई। महाविद्यालय परिसर में छात्रों की भीड़ जुट गई। छात्र उन्माद फैलाने वालों और शिलापट्ट तोड़ने वालों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान अमित सिंह, हिमांशु पांडेय, इमामुद्दीन खान, रवि जायसवाल, दुर्गेश यादव, प्रभात सिंह, अविनाश यादव आदि उपस्थित रहे। प्रभारी थाना निरीक्षक सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि छात्रों का ज्ञापन मिला है।