देवरिया। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। क्योंकि विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों की तैनाती कर दी गई है। अब खिलाड़ी पसंदीदा खेलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
नए खेल सत्र के लिए हॉकी, क्रिकेट, फुटबाल, वालीबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स सहित एक दर्जन खेलों के अलाटमेंट के लिए खेल निदेशालय को भेजा गया था। इन खेलों के कोच की तैनाती के लिए सूची मांगी गई थी। खेल निदेशालय ने खेलों की मंजूरी तो पहले ही दे दी , लेकिन प्रशिक्षकों की तैनाती नहीं हो पाई थी। इसके चलते प्रशिक्षण में विलंब हो रहा था। बताया जाता है कि विलंब का कारण प्रशिक्षकों को लखनऊ में चयन प्रक्रिया से होकर गुजरना था। चयन प्रक्रिया में सफल होने के बाद ही तैनाती होनी थी। चयन प्रक्रिया के बाद अब स्टेडियम में प्रशिक्षकों की तैनाती हो गई हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वदेव सिंह यादव ने बताया कि जितने खेलों के अलाटमेंट के लिए खेल निदेशालय को भेजा गया था, सभी खेलों को मंजूरी मिल गई है। प्रशिक्षकों की भी तैनाती खेल निदेशालय ने कर दी है। स्टेडियम में प्रतिभावान खिलाड़ियों को पूरा मौका दिया जाता है। खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन कराकर अपने पसंदीदा खेल में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है।