अनियंत्रित होकर टेंपो पलटा, एक परिवार के सात घायल
देवरिया। रामजानकी मार्ग पर मईल चौराहे के पास शुक्रवार की सुबह अनियंत्रित होकर टेंपो पलटने से एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वे लोग शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे।
लार थाना क्षेत्र के लार रोड निवासी महेश कुमार पुत्र जुड़ावन प्रसाद दस दिन पूर्व अपने परिवार के सदस्यों के साथ शादी समारोह में शामिल होने भलुअनी थाना क्षेत्र के बहोर धनौती आए थे। शादी के बाद टेंपो रिजर्व कर परिवार के सदस्यों के साथ घर जा रहे थे। रामजानकी मार्ग पर मईल थाना क्षेत्र के मईल चौराहे के समीप अनियंत्रित होकर टेंपो पलट गया। उसमें सवार महेश (45), निशा (27), दिलीप (37), विजय कुमार (28), ऊषा (27), अमन (13), महक (5) घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।