खराब मौसम के बावजूद प्रधानी चुनाव के चौथे चरण में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया।चार ब्लॉकों में 62.54 फीसदी वोट पड़े। कई जगहों पर फर्जी मतदान को लेकर मारपीट और हंगामा होता रहा। कई जगहों पर मारपीट की घटनाएं हुईं। पुलिस और प्रशासन ने मतदान केंद्रों के पास हंगामा करने वालों को खदेड़ा। मतपेटिकाओं को देर रात तक ब्लॉक मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। भागलपुर, बरहज, भलुअनी और लार ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 276 पदों के लिए मतदान हुआ। बुधवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह मतदाताओं की तादात कम देखी गई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही मतदान का ग्राफ बढ़ता गया। बूथों पर घूंघट पर महिलाएं पहुंची। युवाओं में जोश दिया तो बुजर्ग भी मतदान में पीछे नहीं रहे। भागलपुर, बरहज, भलुअनी और लार ब्लॉक ब्लॉक के कई मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान को लेकर प्रत्याशियों के बीच नोंकझोक हुई। पुलिस की टीम बूथों पर दौड़ती रही। मौसम के चलते कई बूथों पर पेट्रोमैक्स जलाकर मतदान कराया गया। मतदान केंद्रों के पास मारपीट की छिटपुट घटनाएं सामने आई हैं। बरहज के कपरवार बूथ पर फर्जी मतदान करते हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा। कमिश्नर, डीआईजी ने लार इलाके के अति संवेदनशील प्लस बूथों का जायजा लिया। डीएम अनिता श्रीवास्तव और एसपी पंकज कुमार चुनाव में पूरे दिन बूथों का निरीक्षण करते रहे।