बुधवार की सुबह छह बजे के करीब पूर्वी रेलवे क्रासिंग की चकरी अचानक टूट गई। जिससे कई ट्रेनों को गौरीबाजार में रोक कर विलंब से चलाया गया। दोनों तरफ से वाहन की लंबी कतार लग गई। करीब पांच घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। इस दौरान कुछ लोग जानबूझ कर रेल लाइन पर करते रहे। जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रही। सुबह छह बजे के करीब गौरीबाजार पूर्वी रेलवे क्रासिंग नंबर 139 ए स्पेशल की चकरी टूट गई। अचानक क्रासिंग में आई खराबी के कारण पांच घंटे गेट बंद रहा। गेट मैन से खराबी की सूचना गौरीबाजार स्टेशन मास्टर को दी। जिसके बाद चौरीचौरा और बैतालपुर स्टेशन को जानकारी दी। खराबी के कारण लखनऊ-बरौनी, छपरा-मथुरा, मौर्य डाउन एक्सप्रेस, पूर्वांचल एक्सप्रेस, सिवान गोरखपुर पैसेंजर, कृषक, आम्रपाली, छपरा-गोरखपुर इंटर सिटी, चौरीचौरा के अलावा कई मालगाड़ी देर से चली।क्रासिंग बंद होने के बाद भी बाइक सवार आने जाने की कोशिश कर रहे थे। चौरी चौरा से आए रेल कर्मचारियों ने 11.30 बजे तक ढाले में नई चकरी लगा दी। कोहरे के चलते कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रुद्रपुर मोड़ पर दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे पांच घंटे तक लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरीबाजार पश्चिमी ढाले से लोगों गोरखपुर और रुद्रपुर की तरफ निकले। इस दौरान गौरबाजार पुलिस ने यातायात व्यवस्था को संभाले रखा। इस बाबत स्टेशन मास्टर ने बताया कि चकरी में खराबी आ गई थी। जिसे बदला गया।