देवरिया। बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था के बीच गुरुवार को पूरा शहर जाम से जकड़ा रहा। सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम में फंसे लोग बाहर निकलने के लिए जूझते रहे। मुट्ठी भर जवानों की मशक्कत भी जाम को खत्म कराने में नाकाम रही। जैसे-तैसे लोग जाम से बचकर गंतव्य को रवाना हुए।
दीपावली और छठ पूजा में घर आए लोग अब कार्यस्थल पर लौटने लगे हैं। ट्रेनों बसों में उनकी भीड़ है तो सड़क भी खाली नहीं। गुरुवार को आलम यह रहा कि पूरा शहर जाम से जूझता रहा। गोरखपुर ओवरब्रिज से रुद्रपुर मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कोतवाली रोड, मालवीय रोड, अबूबकरनगर, स्टेशन रोड, अंसारी रोड, हनुमान मंदिर रोड भी इससे अछूते नहीं थे। वाहनों की भीड़ के बीच रथयात्रा, कलश यात्रा जैसे कार्यक्रमों ने भी जाम की विभिषिका को बढ़ाने में अहम रोल निभाया। इसका असर यह रहा कि सुबह नौ बजे से शुरू हुआ जाम शाम चार बजे तक बरकरार रहा। जाम में फंसे वाहन रेंगते रहे। चौराहों, तिराहों पर ट्रैफिक पुलिस व होमगार्ड के जवान तो तैनात थे, लेकिन उनकी तमाम कोशिशें भी जाम खत्म कराने में कारगर नहीं रही। टीएसआई रामवृक्ष यादव के मुताबिक त्योहार खत्म होने के बाद सड़क पर भीड़ बढ़ी है। एक-दो दिनों तक यह समस्या रह सकती है। वैसे ट्रैफिक पुलिस ने पूरी मुस्तैदी से काम किया। उन्होंने बताया कि संसाधन की कमी से थोड़ी परेशानी हुई है। दो-दो जवानों की ड्यूटी गोरखपुर, इलाहाबाद और अयोध्या में लग गई है। सिर्फ दो सिपाही बचे हैं। 20 होमगार्ड के सहारे काम चलाया जा रहा है। अतिरिक्त कर्मचारियों की डिमांड की गई है।