बरहज। सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित कार्यक्रम को लेकर शहर में जगह-जगह अतिक्रमण हटाए गए। विरोध में कुछ लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। प्रशासन और कुछ लोगों के बीच झड़प हुई। ईंट-पत्थर भी चले। एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी माने।
शनिवार को बाढ़ग्रस्त गांवों का मुख्यमंत्री के दौरा करने की सूचना पर आलाधिकारी रात से ही नगर सहित नदी के किनारे के गांवों में कैंप कर रहे थे। नगरपालिका की तरफ से मुख्य चौराहे से थाना रोड, बस स्टेशन मार्ग, तहसील और पैना मार्गों पर अतिक्रमण को खाली कराया जाने लगा। थाना मार्ग पर डब्लू जायसवाल, ओमप्रकाश, शेट्टी, गुलाब हलवाई, श्री मोदनवाल आदि के दुकानों के सामने का अतिक्रमण जेेेसीबी से खाली कराया जा रहा था। बिना पूर्व सूचना के अतिक्रमण खाली कराने को लेकर लोग सड़क पर उतर आए। पूर्व चेयरमैन अजीत जायसवाल, वीरेंद्र गुप्ता, संतोष यादव के नेतृत्व में लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। घंटों चले प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी माने। उन्होंने बताया कि पूर्व में नगर पालिका प्रशासक ने अतिक्रमण खाली करने की नोटिस और मुनादी कराया था।