देवरिया। प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी के नाम पर ठगी के शिकार हुए युवक-युवतियों से शनिवार को सीओ सिटी डॉ. अजय कुमार सिंह मिले। कार्यालय का ताला तोड़वाकर रिकॉर्ड को कब्जे में लिया। कार्यालय संचालकों से बात किया गया। एक अगस्त को सभी को बुलाया गया है।
नौकरी के नाम पर बेरोजगारों से एक कंपनी की ओर से 10 से 30 हजार रुपये तक वसूला गया। कंपनी के लोगों ने आधार कार्ड भी रख लिया था। शुक्रवार को नियुक्ति पत्र लेने बेरोजगार पहुंचे तो उनको नकली प्रोडक्ट बेचने के लिए दबाव बनाया। बेरोजगारों ने इसका विरोध किया। मामला एसपी तक पहुंचा था। सभी बेरोजगार शुक्रवार की रात से ही यहीं रुके थे। पैसे के अभाव में वे खाना नहीं खा पाए थे। शनिवार की दोपहर में सीओ सिटी डॉ. अजय कुमार सिंह जांच करने के लिए पहुंचे। उन्होंने युवक और युवतियों से बात कर जानकारी ली। बेरोजगारों ने बताया कि वे शुक्रवार से ही भूखे हैं। उन्होंने कार्यालय का ताला तोड़कर सारा रिकॉर्ड कोतवाली में रखवा दिया। मकान मालिक से दो हजार रुपये किराया दिलाया, इसके बाद सभी अपने घर चले गए। सभी को एक अगस्त को बुलाया गया है। उस दिन कार्यालय संचालक भी आएंगे।