सुनील कुमार सिंह
देवरिया। समायोजन के फेर में परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की संख्या नहीं बढ़ पा रही है। समायोजन की जद में आने वाले अध्यापक नामांकन बढ़ाने की दिशा में रूचि ही नहीं ले रहे हैं। छात्र संख्या के हिसाब से जूनियर अध्यापकों को हटाकर दूसरे विद्यालयों पर भेजा जाएगा।
परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए तरह-तरह के यत्न किए जाते हैं। ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली जाती है। इसमें अभिभावकों को छात्रों के नामांकन के लिए प्रेरित किया जाता है। इस साल यह कार्यक्रम 31 जुलाई तक चलना है। इस साल छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों का समायोजन होना है। छात्र संख्या कम होने पर मानक से अधिक अध्यापकों को हटाकर दूसरे विद्यालयों पर समायोजन किया जाएगा। नियम के अनुसार जूनियर अध्यापकों का ही समायोजन किया जाना है। ऐसे में समायोजन की जद में आने वाले अध्यापक नामांकन बढ़ाने में रूचि नहीं ले रहे हैं। एक अध्यापक ने बताया कि जब समयोजन में दूसरे विद्यालय में चले जाएंगे तो यहां क्या काम किया जाए। जहां समायोजन होगा, वहीं छात्र संख्या बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। फिलहाल 18 जुलाई तक समयोजन होना है।