देवरिया। आरपीएफ द्वारा फर्जी टिकट कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत न्यू कॉलोनी स्थित प्रभु ट्रेवल पर छापामारी कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। काफी समय से आरपीएफ को सूचना मिल रही थी की शहर में फर्जी तरीके से तत्काल और आरक्षण टिकट महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। आरपीएफ टीम ने लाइसेंसी ट्रेवल एजेंसियों की रेकी करनी शुरू कर दी। इस दौरान न्यू कॉलोनी स्थित प्रभु ट्रेवल पर टीम पहुंची। दुकान के बाहर पूर्वोत्तर रेलवे का बोर्ड लगा था। जांच में पता चला की प्रभु ट्रेवल की 2014 में टिकट बेचने के लिए लाइसेंस जारी हुआ था। लेकिन इसी वर्ष मई में लाइसेंस कैंसिल कर दिया गया। बावजूद इसके वह पूर्वोत्तर रेलवे का बोर्ड लगाकर टिकट बेच रहा था। आरपीएफ टीम ने उसके खिलाफ टिकट का अवैध कारोबार की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया है। हालांकि अभी उसकी गिरफ्तारी नही हो पाई है। आरपीएफ इंचार्ज अभय राय ने बताया कि प्रभु ट्रेवल का लाइसेंस कैंसिल हो गया था। फिर भी वह अवैध टिकट का कारोबार कर रहा था।