सलेमपुर। चोरी का जेवर खरीदने वाले सुनार की तलाश में पुलिस लगी है। लेकिन अभी तक वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। शातिर चोर की गिरफ्तारी होने के बाद से दुकानदार फरार चल रहा है। पुलिस का मानना है कि दुकानदार का चोरों से संपर्क है और चोरी का सामान खरीदता है।
मझौलीराज के बड़वा टोले के पास पुलिस ने शातिर चोर अकबर और साथी सुग्रीव को गांजा के साथ गिरफ्तार किया। चोरों के निशानदेही पर देवरिया और भाटपाररानी में चोरी के कीमती सामान बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में चोर ने नगर के छठ्ठू नाम के एक स्वर्णकार के यहां चोरी का गहना बेचने की बात कही। पुलिस चोर को लेकर इसके दुकान पर पहुंची, लेकिन दुकानदार दुकान बंद कर भाग गया। इसके पूर्व देवरिया के एक मकान में चोरी हुई थी। इसमें पकड़े गए चोरों ने सलेमपुर के गांधी चौक स्थित एक स्वर्णकार के यहां चोरी किए गए गहना बेचने की बात बताई थी। दुकानदार की तलाश में कई एसओजी टीम आई। लेकिन दुकानदार लंबे समय तक दुकान बंद कर फरार रहा। इस बाबत कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि स्वर्णकार की तलाश की जा रही है। इसके पकड़े जाने के बाद हो सकता है कुछ और सफलता मिले।