चोरी की घटनाओं में छह लोग हिरासत में
देवरिया। चोरी की घटनाओं से परेशान कोतवाली पुलिस ने छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें कुछ लोगों ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात भी कबूल कर ली है। पुलिस इनकी निशानदेही पर चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
शहर और ग्रामीण इलाकों में फरवरी में कई जगहों पर चोरी की घटनाएं हुई हैं। इससे पुलिस की सक्रियता पर लोग सवाल खड़ा करने लगे थे। अफसरों ने भी गश्त में तेजी लाने हिदायत दी थी। परिणाम स्वरूप कोतवाली पुलिस ने टीम बनाई। पूछताछ के लिए एसओजी को भी लगाया गया। पुलिस टीम ने दो दिन के अंदर कोतवाली, मदनपुर, गौरीबाजार थाना क्षेत्रों के विभिन्न जगहों से छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अहम सुराग मिले हैं। उसके आधार पर हाल के दिनों में हुई कुछ चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश के करीब पुलिस पहुंच चुकी है। कुछ संदिग्धों का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में वारदात के दौरान कैद हो गया था। उसका पुलिस मिलान कर रही है। सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।