किशोरी के अपहरण में सिपाही सहित छह लोगों पर मुकदमा
देवरिया। सदर कोतवाली में किशोरी के अपहरण के आरोप में सिपाही सहित छह लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। सदर बोड़िया अनंत गांव निवासी हरिवंश तिवारी ने गांव के ही लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी कि उनकी पुत्री का भूमि के विवाद में अपहरण कर लिया गया है। आरोपी धमकी दे रहे हैं कि मुकदमे में सुलह न करने पर अंजाम बुरा होगा। दूसरी पुत्री का भी अपहरण करने की योजना बना रहे हैं।
तहरीर में कहा गया है कि 31 मई की रात में सोलह वर्षीय बेटी का अपहरण गांव के कुछ लोगों ने कर लिया, जो कुछ दिन पहले घर में घुस कर मारपीट कर चुके है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस रिकार्ड में मुकदमा पहले से दर्ज है। इसमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल है, जो लखनऊ में तैैनात है। मेरी बड़ी बेटी के मोबाइल पर मैसेज भेज कर अपहृत बेटी को देने के लिए अयोध्या, गोरखपुर और विभिन्न जगहों पर बुलाया जा रहा है। गायब बेटी के बारे में जब जानकारी आरोपी के घर जा कर मांगी गई तो उसने धमकी दी है कि पुलिस विभाग में हम हैं, हमारा पुलिस कुछ भी नहीं कर सकती है। पीड़ित ने अनहोनी की आशंका जताते हुए जानमाल के सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने इस मामले में सदर कोतवाली के बोड़िया अनंत गांव निवासी गोपाल, चंद्रशेखर, चंद्रभूषण, सिद्घी विनायक, गुड्डी देवी और सिपाही पासवान के खिलाफ के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।