दो स्थानों से जुआ खेलते छह लोग पकड़े गए
देवरिया/बरहज। दो स्थानों से जुआ खेलते छह लोग पकड़े गए। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर शिव मंदिर के पास से रविवार को पुलिस ने तीन लोगों को जुआ खेलते पकड़ा। इनकी पहचान बृजेश कुमार यादव पुत्र राधेश्याम यादव निवासी सझवा गौरीबाजार, अमित सिंह पुत्र स्व. कल्पनाथ सिंह व राजेंद्र सिंह उर्फ छोटू सिंह पुत्र नरसिंह निवासी गुडरी थाना गौरीबाजार के रुप में हुई। पुलिस ने इनके पास से ताश के 52 पत्ते व मालफड के रूप में 12430 रुपये तथा जामा तलाशी से कुल 4010 रुपये बरामद किया। एसओ गिरिजेश तिवारी ने बताया कि तीनों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरहज क्षेत्र के कटइलवा गांव में रविवार की शाम पुलिस ने छापा मारा। तीन जुआरियों को पकड़ कर पुलिस थाने लाई। इस दौरान ताश के पत्ते और कुछ रुपये बरामद हुए।
मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि कटइलवा गांव में एक व्यक्ति के खेत में जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए छापा मारा। पुलिस को देख जुआरी भागने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने दौड़ाकर तीन जुआरियों को दबोच लिया। जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। ग्रामीणों के अनुसार नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है। दूर-दूर से लोग दांव लगाने आते हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। उनके पास से ताश के पत्ते और रुपये भी बरामद हुए हैं।