फार्मासिस्ट व दो स्वास्थ्य कर्मी समेत 54 मिले कोरोना पॉजिटिव
देवरिया। कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 54 लोग पॉजिटिव मिले। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 443 हो गई है। गोरखपुर में इलाज के बाद अस्पताल से घर ले जाते समय रास्ते में एक संक्रमित की मौत हो गई।
बुधवार को आई रिपोर्ट में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट, पीएचसी की एक एएनएम, सीएचसी के एक कर्मचारी पॉजिटिव मिले। शहर के एक मोहल्ले के व्यक्ति ने विदेश जाने के लिए जांच कराई तो संक्रमित मिला। उनके परिवार में चार लोग हैं। बनकटा ब्लाक के एक संक्रमित के परिवार का सदस्य भी पॉजिटिव मिला। भटनी ब्लाक का एक युवक खांसी का इलाज कराने गोरखपुर गया। वहां जांच में संक्रमित मिला। उसके परिवार में छह सदस्य हैं। बरहज क्षेत्र का एक व्यक्ति इलाज कराने वाराणसी गया, वहां जांच में पॉजिटिव मिला। उनके परिवार में बीस लोग हैं। बुखार होने पर सलेमपुर क्षेत्र के एक किशोर ने जांच कराई तो संक्रमित मिला। उसके परिवार में चार सदस्य हैं। इसी क्षेत्र की दो महिलाएं कमर व पेट दर्द का इलाज कराने अस्पताल पहुंचीं, जहां जांच में संक्रमित मिलीं। सदर ब्लाक की एक महिला सर्दी होने पर जांच कराई तो पॉजिटिव मिली।
होम आइसोलेशन में 413 लोगों का इलाज
जिले में अब तक 22,164 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। उनमें 21,494 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय 413 लोगों का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। होम आइसोलेशन में ही 127 लोग स्वस्थ हो गए। दूसरे जिलों में 28 लोगों का उपचार चल रहा है। एमसीएच विंग एल-टू में जेल का एक बंदी भर्ती है।
एंटीजन जांच में पांच मिले संक्रमित
कोविड संक्रमण को देखते हुए जिला अस्पताल में जांच बढ़ा दी गई है। बुधवार को दोपहर दो बजे तक 106 लोगों की एंटीजन जांच हुई। इसमें पांच लोग संक्रमित मिले।
कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। नियमित जांच कराई जा रही है। बुधवार को 2490 लोगों की जांच की गई। इसमें 1064 एंटीजन तथा 1426 आरटीपीसीआर जांच शामिल हैं। जिले में 54 पॉजिटिव केस मिले। एक्टिव केस की संख्या 443 हो गई है। 227 लोगों की मौत हो चुकी है। 44,3049 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई गई। कोविड के प्रति सावधान रहने की जरूरत है। -डॉ. आलोक पांडेय, सीएमओ