ऑनलाइन मेले में बांटे गए 52 लाख ऋण
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को स्वरोजगार परक योजनाओं के तहत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का शुभारंभ किया। एनआईसी में आयोजित कार्यक्रम में तीन लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से 52 लाख की धनराशि ऋण स्वरूप चेक के माध्यम से प्रदान की गई। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दो लाभार्थियों को टूल किट दिया गया।
सीएम ने बातचीत के दौरान लाभार्थियों को स्वयं का रोजगार उत्पन्न कर आत्मनिर्भर होने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत शहनाज परवीन को 25 लाख रुपये का चेक प्रमाण पत्र पीवीसी पाइप निर्माण के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक के माध्यम से प्रदान किया गया। सिमेंट जाली निर्माण के लिए सविता यादव को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से लोन दिया गया। एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना के तहत शिवेंद्र कुमार उपाध्याय को रेडिमेड गारमेंट्स के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 20 लाख का ऋण चेक के माध्यम से प्रदान किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत घनश्याम विश्वकर्मा को लोहार व रामेश्वर को हलवाई का किट प्रदान किया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज, एलडीएम राकेश यादव, उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव, अपर सांख्यिकीय अधिकारी जितेंद्र कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।