देवरिया। कलेक्ट्रेट परिसर में 80 दिन से धरना दे रहे किसान रविवार को गोरखपुर में आयोजित किसान सम्मेलन से आस लगाए बैठे थे। पीएम के भाषण में जब बैतालपुर चीनी मिल का कहीं जिक्र नहीं हुआ तो वह मायूस हो गए। सोमवार को बैठक कर नए सिरे से आंदोलन की रणनीति तैयार करने की योजना बनाई।
अध्यक्ष ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सम्मान का ढकोसला दिखाकर जिले के किसानों का अपमान किया है। किसान सम्मान रैली से जिले के किसानों को बड़ी उम्मीद थी। उन्हें लग रहा था कि पीएम मोदी गोरखपुर की धरती से देवरिया के किसानों को बैतालपुर चीनी मिल की सौगात देंगे। इसी आस में यहां के किसानों ने उनका भाषण शुरू से अंत तक सुना। उन्होंने बैतालपुर चीनी मिल का जिक्र करना भी मुनासिब नहीं समझा। हमलोग सोमवार को बैठक कर चीनी मिल चलाने के लिए नए सिरे से आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। सरकार भले ही हमारी मांग को अनसुना कर रही हो, हम हारने वाले नहीं हैं। हमारा अनशन आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान अशोक यादव, रामचंद्र चौहान, मनोज यादव, लल्लन मणि, चंद्रदेव प्रजापति, सुभाष यादव, वेदप्रकाश, राजेश मणि आदि मौजूद रहे।