सोमित-माही की प्रस्तुति से सुरमई हुई शाम
देवरिया महोत्सव में देवरिया के सोमित व उनकी टीम ने श्रोताओं को किया मुग्ध
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। देवरिया महोत्सव में शुक्रवार को सोमित शर्मा और अन्य गायकों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से शाम को सुरमई बना दिया। श्रोताओं ने भी हर प्रस्तुति पर तालियां बजाकर गायकों का उत्साहवर्धन किया।
सबसे पहले मंच संभाला वर्षा ने। उन्होंने नुसरत अली की मशहूर कव्वाली देखते देखते...से शुरुआत की। इसके बाद मेरे रश्के कमर... से पंजाबी गाने के तड़कों के बीच उन्होंने युवा श्रोताओं झूमने पर मजबूर कर दिया। माही शर्मा देशभक्ति गीत वंदे मातरम... गीत से आगाज किया और इसके बाद मेरे ढोलना सुन... से माहौल में रोमांच भरा। शहर के ही सोमित शर्मा सबसे अंत में आए और गीतों से श्रोताओं के दिलों पर छा गए। माटी पुकारे तुझे देश पुकारे..., बंदे में था दम वंदे मातरम..., तेरे जैसा यार कहां कहां ऐसा याराना..., मेरी रूह का परिंदा फड़फड़ाए... गाया तो लोग जोश से भर गए। मंच का संचालन केशव द्विवेदी ने किया। काशियाना बैंड की ओर से गिटार पर प्रियेश राठौर, बांसुरी पर मनीष कांत, कीबोर्ड पर विक्की, इलेक्ट्रानिक ड्रम पर सुनील, ड्रम पर प्रिंस, तबले पर बबलू ने शानदार संगत की।