------------
कैरल सिंगिंग और प्रार्थना के बीच जन्मे प्रभु यीशु
शहर के दोनो चर्चों में उमड़े मसीही समाज के लोग
केक काटकर, गले मिलकर दी एक दूसरे को बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रात के जैसे ही 12 बजे, मसीही समाज के लोगों ने केक काटकर एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। चर्चों में क्वायर टीम ने कैरल सिंगिंग कर लोगों को प्रभु यीशु के आगमन का संदेश दिया। परिसर में बनी झांकियों का लोगों ने दर्शन कर प्रार्थना की।
क्रिसमस के अवसर पर शहर के दोनो चर्चों का सजाया गया है। सोमवार की देर रात हुई विशेष प्रार्थना एवं चरनी व अन्य झांकियों को बनाने की तैयारियों को अंतिम रुप दिया गया। जलकल रोड स्थित मसीही कलीसिया चर्च में शाम पांच बजे ही क्वायर टीम ने कैरल सिंगिंग शुरू किया। पास्टर समर्पण के नेतृत्व में देश में शांति के लिए प्रार्थना की गई। देर रात्रि में केक काटकर लोगों ने एक दूसरे को पर्व की बधाई दी। इस दौरान सरोज विश्वास, पुष्पांजलि, अरुण अल्फ्रेड, नमिता अल्फ्रेड, शिव प्रसाद आदि मौजूद रहे। पास्टर ने बताया कि 25 दिसंबर को सुबह 10 बजे क्रिसमस की अराधना होगी। महुवाबारी रोड स्थित संत पुष्पा चर्च में फादर टोबीन व पूर्व पल्ली पुरोहित फादर अब्राहम की देखरेख में मिस्सा बलिदान की पूजा देर रात तक चली। फादर टोबीन ने कहा कि ईश्वर ने संसार को इतना प्यार दिया है कि उसने अपने इकलौते पुत्र को अर्पित कर दिया। यह पर्व मानव जाति के प्रति ईश्वर के प्रेम को दर्शाता है। हर मानव को हमें भेदभाव से परे, आदर, सम्मान और प्यार की भावना से देखना चाहिए। रात में चरनी के सामने आकर लोगों ने कैरल सिंगिंग किया और अंत केक काटकर पर्व की बधाई दी। इस दौरान सिस्टर सिंथिया, हेलेन, बीना, कृति, लीली, लीथिक, सोनिया, इमिलिया, अर्पणा सहित मसीही समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।
------
स्कूलों में भी मनाया गया क्रिसमस पर्व
शहर के विभिन्न स्कूलों में भी सोमवार को क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया गया। यूरोकिड्स यूनिसन स्कालर्स में शाम को क्रिसमस डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य शालिनी ब्राउन व प्रबंधक श्वेता जायसवाल ने बच्चों में उपहार भी बांटे। भीखमपुर रोड स्थित कमला पब्लिक स्कूल में क्रिसमस और न्यू इयर प्रदर्शनी में छात्रों के विभिन्न मॉडलों व क्रिसमस ट्री ने सभी को आकृष्ट किया। प्रधानाचार्य मंशा जैन व निदेशक तेजश केडिया व रुबी केडिया ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। वैैैभव के गीतों ने सभी का दिल जीता। यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में बच्चों ने क्रिसमस ट्री सजाकर एवं केक काटकर प्रभु यीशु की आराधना की। मौके पर छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी। प्रधानाचार्य मधुसूदन व प्रबंधक नीरज वर्मा, निदेशक अरविंद वर्मा ने सभी से प्रेम से यह पर्व मनाने को कहा।