देवरिया। राफेल मामले में केंद्र सरकार को क्लीन चिट मिलने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरकार व पार्टी को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी को लोकसेवक के पद से हटाने की मांग की। सुभाष चौक से जुलूस के रूप में भाजपाई कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अंतर्यामी सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस व राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में कांग्रेस पार्टी विरोधी तख्ती भी लिए हुए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राफेल का मामला लोकसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजनीतिक लाभ के लिए उठाया था। इसमें कोई सच्चाई नहीं थी। बेबुनियाद प्रश्न से पार्टी की बदनामी हुई। सर्वोच्च न्यायालय के फैसला आने के बाद पार्टी नेताओं ने राहत की सांस ली। राहुल गांधी को लोकसेवक पद से हटाने की मांग भाजपा नेताओं ने एक स्वर में किया। डीएम कार्यालय पर मांगपत्र को जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पढ़कर सुनाया। इस दौरान संजय राव, जिला उपाध्यक्ष जयनाथ कुशवाहा, भूपेंद्र सिंह, अजय मणि त्रिपाठी, रामललित मिश्र, रविप्रकाश सिंह, विशंभर मिश्र, सुरेश शुक्ल, रामदास मिश्रा, अशोक पांडेय, संतोष पटेल, प्रदीप राज मौर्य, विजय दुबे, बृजेशधर दुबे, संजय तिवारी, सतीश जायसवाल, ज्ञानेश्वर मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शन मेें फोटो खिंचाने के लिए धक्कामुक्की
राफेल डील मामले में प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों में फोटो खिंचाने की होड़ मची रही। इस होड़ में वह एक-दूसरे को धकियाते हुए आगे आने को बेताब दिखे। धक्कामुक्की के बीच कार्यकर्ताओं ने कई बार जिला पदाधिकारियों को भी पीछे धकेल दिया। खुद जिलाध्यक्ष डॉ. अंतर्यामी सिंह भी कार्यकर्ताओं के धक्कामुक्की की चपेट में रहे। वह बार-बार हिदायत देते रहे, लेकिन कार्यकर्ता बस फोटो खिंचाने के लिए सब कुछ दरकिनार करने पर उतारू दिखे। सिविल लाइन से लगायत डीएम कार्यालय पर भी ऐसे ही हालात दिखे। आम लोगों के अलावा पार्टी नेताओं में इसकी चर्चा रही।