---
- इस बार चुनाव में हर बूथ पर लगेगा बीबी पैट
- 4230 बैलेट यूनिट, 3134 कंट्रोल यूनिट व बीबी पैट
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में ईवीएम की खेप पहुंच गई है। बैंगलुरु से दो ट्रकों में आए ईवीएम को सुरक्षित रख दिया गया है। पांच दिसंबर से इंजीनियर की मौजूदगी में इसके पहले चरण की जांच शुरू होगी। इस बार चुनाव में हर बूथ पर बीबी पैट की व्यवस्था रहेगी।
वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। एक तरफ जहां मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा रहा है तो बूथों की व्यवस्था भी सुदृढ़ बनाने पर जोर है। चुनाव आयोग ने ईवीएम की पहली खेप जिले को भेजी है। इसमें 4240 बैलेट यूनिट, 3136 कंट्रोल यूनिट और इतना ही वीवी पैट है। चुनाव कार्यालय इसकी ऑनलाइन फीडिंग में जुट गया है। सहायक चुनाव अधिकारी ने बताया कि बैंगलुरु से इंजीनियर की टीम कुशीनगर जिले में आ चुकी है। वहां प्रथम चरण की जांच पूरी होने के बाद पांच दिसंबर से जिले में आई मशीनों का परीक्षण होगा।
---
मतदाता सूची में 30 तक जोड़वा सकते हैं नाम
देवरिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं को 30 नवंबर तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के क्रम में सतत चल रहे पुनरीक्षण के अंतर्गत पूर्व के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब 30 नवंबर तक दावे/आपत्तियों को लेने की अवधि बढ़ा दी गई है।