जीवन मार्ग सोफीया सेकेंड्री स्कूल।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर के चर्चित जीवन मार्ग सोफिया सेंकेडरी स्कूल की जमीन का पट्टा निरस्त होगा। तय शर्तों को दरकिनार कर स्कूल संचालन को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पट्टा निरस्त करने की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने न सिर्फ नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से निर्माण कराया, बल्कि गरीब बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी नहीं निभाई। बार-बार शिकायतें मिलने के बाद डीएम ने टीम गठित कर इसकी जांच कराई थी।
जीवन मार्ग सोफिया सेंकेडरी स्कूल को उच्चीकरण और नि:शुल्क शिक्षा देने के लिए 4.76 एकड़ नजूल की जमीन को सोसाइटी ऑफ दी मिशन सिस्टर्स ऑफ अजमेर के नाम से 15 सितंबर 1973 और 28 अक्टूबर 1981 को 90 वर्ष के लिए पट्टा किया गया। सोसाइटी का मुख्यालय मिशन सिस्टर्स हाउस मीरसाली अजमेर में है। पट्टे के साथ निर्धन वर्ग के उत्थान के लिए कार्य और गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की भी शर्त रखी गई थी, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने इस शर्त का पालन नहीं किया। इसकी शिकायत लगातार जनप्रतिनिधि और आम लोग डीएम से करते रहे हैं।
डीएम ने सदर एसडीएम के नेतृत्व में टीम गठित कर चार बिंदुओं पर जांच कराई। इसमें निर्धन वर्ग की शिक्षा-दीक्षा की व्यवस्था न करने के अलावा बिना वन विभाग से अनुमति लिए हरे पेड़ कटवाने और परिसर में मनमाने ढंग से निर्माण की भी पुष्टि हुई। जांच में अनेक खामियां मिलीं। टीम ने अपनी रिपोर्ट में प्रबंध समिति पर लगातार असहयोग का भी उल्लेख किया है जिसे अनुशासनहीनता माना गया है। डीएम ने प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग चार को जांच रिपोर्ट भेजकर स्कूल के पक्ष में किया गया जमीन का पट्टा निरस्त करने की मांग की है। डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि स्कूल के बारे में कई शिकायतें मिली थीं। इस आधार पर जांच कराई गई। जिन शर्तों के अनुसार जमीन का पट्टा किया गया है, वे पूरी नहीं की जा रही हैं। पट्टा निरस्त करने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। वहां से प्राप्त निर्देश के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।