सदर बीआरसी स्थित मतदान स्थल पर चुनाव में आए पुलिस कर्मी फर्श पर लेटे हुए।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। नगर निकाय चुनाव में बूथ पर पहुंचे मतदान कर्मियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। फर्श पर खुद के लाए हुए चद्दर पर सोना पड़ा और घर से लाए गए भोजन से पेट भरना पड़ा। पीठासीन अधिकारियों का आरोप है कि चुनाव को लेकर हुई मीटिंग में मतदान कर्मियों को बूथ पर रसोईयों की ओर भोजन बनाने की बात कही गई थी।
देवरिया नगर पालिका में 151 बूथों पर निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा। शनिवार की शाम पहुंचे मतदान कर्मियों के लिए सोने और भोजन के लिए कोई इंतजाम प्रशासन की ओर से नहीं किया गया था। अधिकांश मतदान कर्मियों को घर से लाए हुए भोजन से पेट भरना पड़ा और कुछ को होटल में भोजन किए। शहर के बीआरसी पर 49,50, 51,53 बूथ बनाया गया है। यहां के पीठासीन अधिकारी रामदरस यादव, उमेश सिंह ने बताया कि रात को सोने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। घर से लाए हुए चादर और प्लास्टिक पर रात में सोना पड़ेगा। वहीं गोरखपुर से ड्यूटी पर आए पीएसी के जवान और सिपाहियों ने एक कमरे में प्लास्टिक पर घर से लाए हुए कंबल ओढ़कर सोए थे। महाराज अग्रसेन इंटर इंटर कॉलेज में बनाए गए 80, 81 और 82 बूथ पर आए मतदानकर्मी ने प्रशासन की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। पीठासीन ईश्वर चंद्र ने बताया कि भोजन का कोई इंतजाम नहीं है। इसके अलावा जिले के अन्य नगर पंचायतों में मतदान कर्मियों को ऐसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बाबत उप निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि बूथों पर गद्दे की व्यवस्था की गई है, भोजन का इंतजाम दिन में है।