राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बाजी मारी। एसएसबीएल की टीम को दूसरा स्थान मिला। विजेता प्रतिभागी शनिवार को एडी बालिका इंटर कॉलेज गोरखपुर में आयोजित मंडलीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। महादेवी वर्मा वाद-विवाद प्रतियोगिता शुक्रवार की सुबह ग्यारह बजे से राजकीय इंटर कालेज देवरिया के मैदान में शुरू हुआ। जिसमें कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएसबीएल इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीम विजयी हुई। वहीं सेवा समिति बनवारी लाल इंटर कॉलेज की टीम को उप विजेता का सम्मान प्राप्त हुआ। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की ओर से विजेता टीम की प्रतिभागी कक्षा नौ की छात्रा ऋषिता तिवारी और कक्षा आठ की छात्रा आस्था गुप्ता का नाम एडी बालिका इंटर कॉलेज गोरखपुर में आयोजित मंडलीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए संस्तुत किया गया है। इसकी जानकारी उन्होंने पत्र के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक को दे दी है। वाद- विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वालों में अर्चना गुप्ता, स्वाति शर्मा, प्रगति गुप्ता, पुष्पा सिंह, अनुज मणि, आशीष मणि, अतुल यादव, धर्मात्मा विश्वकर्मा, सत्यप्रकाश चौरसिया व गुंजन पाल शामिल रहे।