कंचनपुर। पुरानी बाइक खरीदने गए युवक को असलहा दिखाकर बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूट लिए। युवक के विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश भाग गए। पीड़ित ने सात नामजद लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
तरकुलवा थाना के मुंडेरा गांव के अमित सिंह मंगलवार की सुबह दोस्त के संग पुरानी बाइक खरीदने महुअवा बजराटार गया था। बाइक मालिक से बातचीत चल ही रही। इसी बीच कुछ लोग वहां पहुंच गए। युवक को गाली देने लगे। युवक के विरोध करने पर उन लोगों ने अमित पर असलहा तान दिया। रुपये लूटकर उसे पीटकर घायल कर दिया। युवक ने तरकुलवा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के थोड़ी देर मौके पर पुलिस पहुंच गई। बदमाश भाग गए थे। पुलिस ने मामले की छानबीन की। थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। मामला लूट का नहीं, किसी रंजिश का हो सकता है। फिलहाल युवक ने सात नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।