बरहज। जयनगर स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय को शासन के निर्देश पर प्रबंध निदेशक ने डिवीजन घोषित किया है। अक्टूबर में अधिशासी अभियंता की तैनाती की जाएगी। इससे उपभोक्ता अपनी फरियाद सलेमपुर के बजाए अब बरहज कार्यालय पर कर सकेंगे। सरकार के इस फैसले पर उपभोक्ताओं में खुशी है।
लोगों का कहना है कि सरकार ग्रामीणों को रोटी, कपड़ा और मकान मुहैया कराने के साथ विकास को गति देने के लिए शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत प्रकाश व्यवस्था कराना शुरू की। बिजली के खंभों और तार लगवाए जाने का सिलसिला युद्घ स्तर पर होने लगा है। बरांव निवासी और कांग्रेस के पूर्व विधायक भाष्कर पाण्डेय, पटखौली गांव निवासी कृष्णमोहन पाठक, राजीव मिश्र आदि का कहना हैं कि खुखुंदू गांव निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और देवरिया के तत्कालीन सांसद विश्वनाथ राय के पहल पर करीब 1964-65 में उपखण्ड कार्यालय बनकर तैयार हुआ था, जो सलेमपुर डिवीजन से जुड़ा था। भाजपा नेता और क्षेत्रीय विधायक सुरेश तिवारी की पहल पर प्रबंध निदेशक ने करीब एक माह पूर्व उपखण्ड कार्यालय को खण्डीय कार्यालय में बदल दिया है। डिवीजन में रुद्रपुर सब स्टेशन को भी शामिल किया गया है। डिवीजन बनाए जाने पर उपभोक्ताओं को सलेमपुर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता जेके शर्मा ने बताया कि दो-चार दिन में अधिशासी अभियंता की तैनाती कर दी जाएगी।