मेहरौनाघाट। एसडीपीजी कॉलेज मठ लार में छात्र संघ का चुनाव शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर स्थगित कर दिया गया। इसकी वजह तय तिथि के अंदर छात्रसंघ का चुनाव नहीं कराना बताया जा रहा है। डीएम ने कॉलेज प्रशासन से चुनाव में देरी का कारण पूछते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं चुनाव न होने से नाराज छात्र नेताओं ने कॉलेज गेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया है।
एसडीपीजी कॉलेज मठ लार में घोषित चुनाव तिथि के अनुसार शुक्रवार को विभिन्न पदों के लिए 11 छात्र नेताओं ने पर्चा खरीदा। इस बीच छात्र नेताओं को जानकारी हुई कि चुनाव तिथि में देरी के कारण चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। इस पर छात्र उग्र होकर कॉलेज गेट पर प्रदर्शन करने लगे। छात्र नेताओं ने कालेज प्रशासन व प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घोषित तिथि पर चुनाव कराने की मांग की। एसडीएम रामविलास राम ने बताया कि कॉलेज प्रशासन देरी से चुनाव की तिथि घोषित की। इसे लेकर डीएम ने तीन दिन पहले ही चुनाव स्थगित करने के साथ कॉलेज से चुनाव में देरी का कारण पूछा था। लेकिन कॉलेज प्रशासन यह बात छात्र नेताओं से छुपाते हुए पर्चा की बिक्री कर रहा था। प्रदर्शन करने वालों में अमित यादव, पंकज यादव, तालिब लारी, रितेश यादव, दिपुजंय प्रजापति, राकेश प्रसाद, अभय सिंह आदि मौजूद रहे।